Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का समय बदल गया है। अब यह 20 फरवरी को सुबह 11 बजे होगा, जबकि पहले इसे शाम साढ़े चार बजे रखा गया था। सूत्रों ने इस बदलाव की जानकारी दी है।
बीजेपी विधायक दल की बैठक 19 फरवरी को
इससे पहले, 19 फरवरी को बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री का चयन किया जाएगा। ध्यान रहे कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित हुए थे, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बावजूद बीजेपी ने मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा नहीं की है। इस देरी को लेकर विपक्षी पार्टियां बीजेपी पर निशाना साध रही हैं।
AAP का तंज, बीजेपी की खींचतान पर उठाया सवाल
आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि बारात तैयार है, मंडप भी तैयार है, लेकिन दूल्हा कौन होगा, यह बीजेपी अभी तक तय नहीं कर पा रही है। AAP के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने आरोप लगाया कि बीजेपी अपनी आंतरिक खींचतान को छुपाने की कोशिश कर रही है और दिल्ली की जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं कर पा रही है।
सीएम पद की रेस में कौन-कौन?
बीजेपी के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां दिल्ली के रामलीला मैदान में चल रही हैं। बीजेपी नेताओं विनोद तावड़े और तरुण चुग ने आज रामलीला मैदान में तैयारियों का जायजा लिया। बीजेपी ने 26 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है, और उसे 70 में से 48 सीटें मिली हैं, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) 22 सीटों पर सिमट गई है। ऐसे में बीजेपी का कहना है कि किसी भी विधायक को मुख्यमंत्री बनने का मौका मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: CM Yogi Adityanath: विधानसभा में स्थानीय भाषाओं को लेकर हंगामा, सीएम योगी और विपक्ष में तीखी बहस
सीएम पद के लिए जिन नेताओं के नाम सबसे आगे चल रहे हैं, उनमें प्रवेश वर्मा हैं, जिन्होंने नई दिल्ली सीट से AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया था। इसके अलावा दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता और शिखा राय भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं। बवाना (एससी) सीट से विधायक रवींद्र इंद्राज सिंह और मादीपुर (एससी) सीट से पहली बार बीजेपी के लिए जीतने वाले कैलाश गंगवाल के नाम भी चर्चा में हैं।

