Delhi Assembly Elections: दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी और उसके संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमले तेज़ कर दिए हैं। सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केजरीवाल की तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करते हुए आरोप लगाया कि दोनों ही जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करते।
राहुल गांधी का आरोप: झूठे वादों की राजनीति
राहुल गांधी ने सोमवार (13 जनवरी 2025) को दिल्ली के सीलमपुर इलाके में आयोजित एक जनसभा में अरविंद केजरीवाल को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, “केजरीवाल जी आए और कहा कि दिल्ली को पेरिस बना देंगे। भ्रष्टाचार मिटा देंगे। लेकिन आज दिल्ली प्रदूषण में घुट रही है। लोग बीमार पड़ रहे हैं। जैसे मोदी जी झूठे वादों और प्रचार की राजनीति करते हैं, वैसे ही केजरीवाल भी करते हैं। इन दोनों में कोई अंतर नहीं है।”
उन्होंने आगे जातिगत जनगणना पर भी सवाल उठाए और कहा, “जब मैं जातिगत जनगणना की बात करता हूं, तो नरेंद्र मोदी और अरविंद केजरीवाल दोनों चुप्पी साध लेते हैं। वे नहीं चाहते कि पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और माइनॉरिटीज को उनका हक मिले।”
राहुल गांधी का निर्देश: खुलकर करें हमला
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने दिल्ली कांग्रेस नेताओं को निर्देश दिया है कि चुनाव प्रचार के दौरान केजरीवाल और उनकी सरकार की ‘नाकामियों’ को उजागर करें। उन्होंने पार्टी नेताओं और उम्मीदवारों से आक्रामक होकर अभियान चलाने की बात कही है।
केजरीवाल का जवाब: “कांग्रेस बचाने की लड़ाई”
राहुल गांधी के तीखे हमले के जवाब में अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “राहुल गांधी जी दिल्ली आए और मुझे बहुत गालियां दीं। लेकिन मैं उनके बयानों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दूंगा। उनकी लड़ाई कांग्रेस बचाने की है, जबकि मेरी लड़ाई देश बचाने की है।”
ये भी पढें..
इंडिया गठबंधन के बीच सियासी तनाव
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले तक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन के तहत साथ लोकसभा चुनाव लड़ रही थीं। लेकिन हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान दोनों दलों के बीच दरार साफ दिखाई दी। अब दिल्ली चुनाव में यह दरार और गहराने लगी है।
चुनाव में जोर लगाएगी कांग्रेस
सूत्रों की मानें तो दिल्ली में कांग्रेस अपनी खोई जमीन वापस पाने के लिए पूरी ताकत झोंकने की योजना बना रही है। राहुल गांधी के हमलों से साफ है कि कांग्रेस इस बार अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाएगी।

