Delhi Assembly Election 2025: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले बुधवार को एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि आप सरकार दिल्ली में वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराएगी। 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्ग इसका लाभ उठा सकेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “इस योजना के तहत सरकारी या निजी अस्पतालों में सभी का इलाज मुफ्त होगा। सरकार बनने पर इस योजना को मंजूरी दी जाएगी और दिल्ली सरकार वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य का ख्याल रखेगी। बदले में हम उम्मीद करते हैं कि दिल्ली के सभी वरिष्ठ नागरिक मतदान के दिन आम आदमी पार्टी का समर्थन करके हमें आशीर्वाद देंगे।”
सभी वरिष्ठ नागरिकों का इलाज मुफ्त
आप नेता ने यह भी कहा, “हमारी सरकार अमीर और गरीब में भेदभाव नहीं करेगी। सभी का इलाज मुफ्त होगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए पंजीकरण जल्द ही शुरू होगा और जल्द ही सभी को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे।”
https://twitter.com/ArvindKejriwal/status/1869292462977487041
अरविंद केजरीवाल ने आज सुबह अपने एक्स पोस्ट में लिखा था, “आज दोपहर 1 बजे मैं एक बहुत ही महत्वपूर्ण घोषणा करूंगा। यह घोषणा हमारे वरिष्ठ नागरिकों के लिए होगी और दिल्ली मॉडल में एक और मील का पत्थर साबित होगी।”
यह भी पढ़ें: Noida News: नए साल और क्रिसमस पर बिना अनुमति के पार्टी करने पर होगी जेल, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
इससे पहले 12 दिसंबर को आप नेता अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं के लिए ‘महिला सम्मान योजना’ की घोषणा की थी। इस योजना के तहत सरकार ने पात्र महिलाओं के खातों में हर महीने ₹1,000 ट्रांसफर करने की घोषणा की थी। बाद में उन्होंने कहा कि महिलाओं को ₹1,000 की जगह ₹2,100 दिए जाएंगे।

