दिल्ली में पिछले दो महीनों में भारी बाढ़ के कारण डूबने और बिजली के झटके से करीब 20 लोगों की मौत हो चुकी है। पीड़ितों में 3 से 10 साल के बच्चे भी शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित इलाकों में कम से कम 11 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है, जबकि सात लोगों की मौत बिजली के झटके से हुई है।
बारिश के पानी में 15 वर्षीय दो किशोर की डूबने से मौत
एक घटना में, दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में बेसमेंट में पानी भर जाने से तीन यूपीएससी उम्मीदवारों- 25 वर्षीय तानिया सोना और श्रेया यादव और 28 वर्षीय नेविन डेल्विन की मौत हो गई। बिजली के झटके से मरने वालों में से ज़्यादातर वयस्क थे। वहीं शनिवार को दिल्ली के रोहिणी में पानी से भरे पार्क में 7 साल का एक बच्चा डूब गया। भारी बारिश के बाद लड़का अपने दोस्त के साथ खेलने गया था और इसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा, शनिवार को दिल्ली के प्रेम नगर में एक खाली प्लॉट में जमा बारिश के पानी में 15 वर्षीय दो किशोर डूब गए। पुलिस ने कहा कि वे तैरने गए थे, लेकिन उनके परिवारों ने दावा किया कि वे प्लॉट पर क्रिकेट खेल रहे थे। इस मामले में लापरवाही के लिए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
करंट लगने से मौत
शनिवार को एक अन्य घटना में, बाहरी दिल्ली के रनहुला इलाके में एक क्रिकेट मैदान पर 13 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। दिल्ली पुलिस के अनुसार, लड़का लोहे के खंभे पर लगे बिजली के तार के संपर्क में आ गया। यह घटना कोटला विहार फेज 2 क्रिकेट मैदान पर उस समय हुई जब लड़का गेंद को वापस ला रहा था। घटना से तीन सप्ताह पहले, पटेल नगर मेट्रो स्टेशन के पास बिजली का झटका लगने से 26 वर्षीय यूपीएससी अभ्यर्थी नीलेश राय की मौत हो गई थी।

