नोएडा के सेक्टर-151ए में बन रहे गोल्फ कोर्स के निर्माण में देरी हो रही है। इस वजह से क्लब के सदस्यों ने साइट पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और रणनिति तैयार की। इसमें शामिल कुछ सदस्य रिफंड और वैकल्पिक रूप से गोल्फ खेलने के पूर्ण अधिकार की मांग कर रहे हैं। आरोप लगाया कि प्राधिकरण की लापरवाही ने गोल्फ खेलने के शौकीन लोगों को अनिश्चिता पर छोड़ दिया है।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने गोल्फ कोर्स के निर्माण में देरी होने को लेकर व्यक्त की निराशा
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को संबोधित एक पत्र में सदस्यों ने गोल्फ कोर्स के निर्माण में हो रही देरी पर निराशा व्यक्त की और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि या तो सदस्यों का पैसा वापस किया जाए या फिर उन्हें वैकल्पिक गोल्फ कोर्स में पूरा अधिकार दिया जाए। बता दें गोल्फ कोर्स के सदस्यता के लिए लोगों ने 10-10 लाख बतौर सदस्याता शुल्क के रूप में जमा किए है।
वर्तमान में गोल्फ कोर्स का 43 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसे पूरा बनाने में करीब 100 करोड़ रुपये लगेंगे। अब तक 26.8 करोड़ रुपए खर्च हो चुके है। गोल्फ कोर्स की सदस्यता से आने वाले पैसे का उपयोग निर्माण में किया जा रहा है। अब तक 1000 लोगों ने सदस्यता ली है। जिसमें से 68 लोगों ने रिफंड लिया। 169 लोगों से ज्यादा ने 100 प्रतिशत यानी 10 लाख रुपए जमा कर दिए है। जनरल श्रेणी के 459, स्टेट के 170 और सेंट्रल के 370 लोगों ने सदस्यता ली है।
दरअसल, गोल्फ कोर्स निर्माण के दौरान यह योजना बनाई गई कि इसकी सदस्यता से करीब 150 करोड़ रुपए प्राधिकरण जुटाएगा। इसमें से 100 करोड़ रुपए प्राधिकरण निर्माण कार्य में खर्च करेगा। वहीं, 50 करोड़ रुपए अतिरिक्त बचत होगी। प्राधिकरण ने सेक्टर-151ए के सदस्यता के लिए एक मुश्त 100 प्रतिशत राशि देने वाले को सेक्टर-38 के गोल्फ कोर्स में खेलने का ऑफर दिया है। लेकिन अब वे पूर्ण रूप से इसका अधिकार की मांग भी कर रहे है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाया जा रहा नोएडा गोल्फ कोर्स
गोल्फ कोर्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है। इसमें कुल 18 होल होंगे। कुल 128 एकड़ में गोल्फ कोर्स का निर्माण इसमें 94.369 एकड़ में गोल्फ एरिया, 6.895 एकड़ में क्लब और पार्किंग एरिया, 7.910 एकड़ में ड्राइविंग रेंज एरिया, 4.702 एकड़ में एनटी लाइन एरिया, 9.289 एकड़ में हेलीपोर्ट और 4.614 एकड़ में हेलीपोर्ट एप्रोच रोड एरिया।

