प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के सबसे लंबे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के एक खंड का लोकार्पण किया। इस ऐतिहासिक एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण प्रधानमंत्री ने राजस्थान के दौसा में किया। दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड देश को समर्पित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पहले चरण को राष्ट्र को समर्पित करते हुए मुझे बहुत गर्व हो रहा है। ये देश के सबसे बड़े और सबसे आधुनिक एक्सप्रेस-वे में से एक है। ये विकसित भारत की एक और भव्य तस्वीर है।
प्रधानमंत्री ने दी बधाई
प्रधानमंत्री ने बधाई देते हुए कहा कि मैं दौसावासियों और देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और वेस्टर्न डेडिकेटिड फ्राइट कॉरिडोर, ये राजस्थान की, देश की प्रगति के दो मजबूत स्तंभ बनने वाले हैं। यह प्रोजेक्ट्स, आने वाले समय में राजस्थान सहित इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक कनेक्टिविटी का लाभ सरिस्का टाइगर रिजर्व, केवलादेव और रणथम्भोर नेशनल पार्क, जयपुर, अजमेर जैसे अनेक पर्यटक स्थलों को भी होगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने दौसा में 18,100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।
भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे
गौरतलब है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड 246 किलोमीटर लंबा है, जिसे 12,150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। इस खंड के चालू हो जाने से दिल्ली से जयपुर का यात्रा समय पांच घंटे से घटकर लगभग साढ़े तीन घंटे का रह जाएगा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे होगा, जिसकी कुल लंबाई 1,386 किलोमीटर है।

