ग्रेटर नोएडा। औषधि विभाग और सेक्टर बीटा दो कोतवाली पुलिस ने नाइजीरियाई युवक से 20 दवाइयों की खेप जब्त की है। जिसकी कीमत 15 लाख रुपये है। एंटी कैंसर समेत अन्य दवाएं अवैध रूप से नाइजीरिया भेजी जा रही थीं। अधिकारियों ने बताया कि दवाइयों का बिल नाइजीरियाई युवक के नाम था। जबकि यह फर्म के नाम होना चाहिए था। विभाग ने चार दवाइयों के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही दवा उपलब्ध कराने वाली दिल्ली की फर्म को नोटिस जारी किया है। युवक के पास केवल 8 लाख रुपये का बिल मिला है।
अवैध रूप से नाइजीरिया भेजी जा रही 20 लाख की दवाइयां जब्त
औषधि विभाग के निरीक्षक वैभव बब्बर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मंगलवार की रात विभाग की टीम ने पुलिस के साथ सेक्टर बीटा दो से एक नाइजीरियाई युवक को पकड़ा। तलाशी में युवक के पास दवाइयों से भरे चार बैग मिले। जिसमें एंटी कैंसर, खून बनाने के अलावा कुल 20 दवाइयां थी। युवक दवाइयों को नाइजीरिया लेकर जा रहा था। रात में उसकी दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट थी।
अवैध दवाइयों की चल रही जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
उन्होंने बताया कि दवाइयों को विदेश ले जाने के मानक पूरे नहीं किए गए थे। दवाइयों के बिल किसी फर्म के नाम पर होना चाहिए, लेकिन जब्त दवाइयों का बिल युवक के नाम पर था। पूछताछ में नाइजीरियाई युवक ने बताया कि वहां बीमार लोगों के लिए दवाइयां लेकर जा रहा है। इस कारण दवाइयों को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आइसपैक के बिना मिलीं दवाइयां
अफसरों ने बताया कि जब्त की गई दवाइयों में से कुछ को माइनस दो डिग्री तापमान में रखना जरूरी है, लेकिन दवाइयों को आइसपैक में नहीं रखा गया था। जिससे वो खराब हो सकती हैं।

