One Nation One Election: एक देश, एक चुनाव (One Nation One Election) को लेकर गठित उच्च स्तरीय समिति की शनिवार को पहली बैठक हुई। समिति ने फैसला लिया कि एक देश एक चुनाव (One Nation One Election) के मुद्दे पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और विधि आयोग के साथ बैठक कर उनके भी विचार लिए जाएं। समिति ने इन सभी को आमंत्रित करने का निर्णय लिया है।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली इस समिति की बैठक दिल्ली के जोधपुर आफिसर्स हॉस्टल में हुई। रामनाथ कोविन्द ने बैठक के एजेंडे की रूपरेखा बतायी। उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों और विधि आयोग को आमंत्रण भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: 9 अक्टूबर से शुरू होगी शहर की सबसे ऐतिहासिक रामलीला
देश में एकसाथ चुनाव कराने पर विचार
बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल,15वें वित्त आयोग के अध्यक्ष रहे एनके सिंह, राज्यसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आज़ाद, पूर्व मुख्य सतर्कता आयुक्त संजय कोठारी, लोकसभा के पूर्व महासचिव डॉ. सुभाष कश्यप, मौजूद रहे। वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे बैठक में आभासी माध्यम से शामिल हुए। लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी बैठक में मौजूद नहीं थे।
गौरतलब है कि देश भर में एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव कराने पर विचार करने और उस पर सिफारिशें देने के लिए इसी माह दो तारीख को अधिसूचना के जरिए उच्चस्तरीय समिति गठित की गई थी। बता दें कि इस समिति की यह पहली बैठक थी।

