CM Rekha Gupta : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कनॉट प्लेस स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर परिसर से एनडीएमसी (नई दिल्ली नगरपालिका परिषद) के स्वच्छता अभियान ‘माई एनडीएमसी, कीप इट क्लीन’ की शुरुआत की। अभियान की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया, फिर खुद झाड़ू लगाकर श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री के साथ इस मौके पर एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत चहल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। रेखा गुप्ता ने कहा स्वच्छ दिल्ली लोगों का अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। यह केवल एक प्रतीकात्मक पहल नहीं है, बल्कि पूरे शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में गंभीर प्रयासों की शुरुआत है।
20 दिनों तक चलेगा विशेष सफाई अभियान
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि यह एक 20 दिवसीय स्वच्छता अभियान है, जिसमें एनडीएमसी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, आरडब्ल्यूए (रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन्स) और सरकारी अधिकारियों से इस मुहिम में भाग लेने की अपील की।
रेखा गुप्ता ने कहा दिल्ली को सुंदर और साफ़ बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। जब सभी खुद सड़क पर उतरकर सफाई में हिस्सा लेंगे, तभी यह संदेश मजबूत होगा कि स्वच्छता सिर्फ एक सरकारी काम नहीं, बल्कि जनआंदोलन है।
नागरिकों से भागीदारी की अपील
सीएम (CM Rekha Gupta) ने दिल्लीवासियों से आह्वान किया कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की सफाई में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक दिन का काम नहीं, बल्कि यह नियमित आदत बननी चाहिए। एनडीएमसी क्षेत्र में इस अभियान के तहत कचरे के अलग-अलग प्रबंधन, सड़क और सार्वजनिक स्थलों की सफाई, दीवारों पर पेंटिंग, और पेयजल स्थलों की मरम्मत जैसे कार्य किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

