राष्ट्रीय राजधानी में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने उपराज्यपाल और गृह मंत्रालय को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। केजरीवाल ने पत्र में लिखा है कि दिल्ली वाले आज असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कानून व्यवस्था की हालत बहुत ही चिंताजनक है।
मुख्यमंत्री ने रविवार को कहा था कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था यदि उपराज्यपाल के बजाय आम आदमी पार्टी की सरकार के अधीन होती तो राष्ट्रीय राजधानी सुरक्षित होती। आम आदमी पार्टी पहले भी शहर में कानून-व्यवस्था की कथित तौर पर बिगड़ती स्थिति को लेकर उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर निशाना साधती रही है। बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी उपराज्यपाल पर और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा था।
उल्लेखनीय है कि रविवार को दिल्ली के आरके पुरम में आपसी झगड़े में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसी दिन दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। फिलहाल, पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

