भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा ने स्टिंग ऑपरेशन विवाद के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होने अपना इस्तीफा बीसीसीआई सचिव जय शाह को भेज दिया है और उनका यह इस्तीफा मंजूर भी कर लिया गया है।
बता दें कि नियम है कि अगर कोई खिलाड़ी या अधिकारी बोर्ड के साथ कॉन्ट्रैक्ट में है तो वह कॉन्ट्रैक्ट में रहते हुए मीडिया में किसी भी निजी मामले पर बातचीत नहीं कर सकता है। चेतन शर्मा ने बीसीसीआई के इस नियम का उल्लंघन किया है। इसी वजह से उन्हें अब इस्तीफा देना पड़ा है।
गौरतलब है कि एक चैनल के स्टिंग ऑपरेशन में चेतन शर्मा ने भारतीय टीम और खिलाड़ियों से जुड़े कई गंभीर खुलासे किए थे। उन्होंने स्टिंग ऑपरेशन में विराट, रोहित और सौरव गांगुली के रिश्ते से लेकर खिलाड़ियों के इंजेक्शन लेने सहित कई मामलों पर चौकाने वाले खुलासे किए थे। चेतन शर्मा ने भारतीय खिलाड़ियों को लेकर कहा था कि खिलाड़ी 80 प्रतिशत फिट होने पर इंजेक्शन लेकर 100 प्रतिशत फिट हो जाते हैं। इन इंजेक्शन में ऐसी दवा होती है जो डोप टेस्ट में नहीं पकड़ी जाती है। खिलाड़ियों को टीम से बाहर होने का डर होता है, इसी वजह से इंजेक्शन लगाते हैं।
कोहली-गांगुली के रिश्ते पर भी बोले थे
चेतन शर्मा ने कोहली के कप्तानी विवाद पर खुलासा करते हुए कहा था- कोहली को लगा था कि सौरव गांगुली की वजह से उन्हें कप्तानी गंवानी पड़ी, लेकिन ऐसा नहीं है। चयन समिति की वीडियो कॉन्फ्रेंस में कई लोग थे, तब गांगुली ने कोहली से कहा था- फैसले को लेकर एक बार सोच लो। मुझे लगता है कि कोहली ने इसे नहीं। इसके अलावा उन्होंने रोहित-विराट पर बात करते हुए कहा था उनदोनों के बीच कोई विवाद नहीं है, आप इसे इगो कह सकते हैं। दोनों बॉलीवुड के बड़े स्टार धर्मेंद्र और अमिताभ की तरह हैं। चेतन शर्मा ने यह भी दावा किया कि गांगुली ने कभी रोहित शर्मा का साथ नहीं दिया, लेकिन विराट को पसंद भी नहीं किया।
बहरहाल, चेतन शर्मा को सात जनवरी 2023 को दूसरी बार भारतीय पुरूष टीम की चयन समिति का अध्यक्ष चुना गया था। इसके लगभग 40 दिन बाद ही उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा है। वे दो बार भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता बने हैं लेकिन दोनों बार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके हैं।

