उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शुक्रवार को बांदा के सिविल लाइन स्थित महाराणा प्रताप चौक पर स्थापित उनकी प्रतिमा का उद्घाटन किया। उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां बनाए गए सेल्फी प्वाइंट की प्रशंसा भी की।
उन्होंने महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और रानी लक्ष्मीबाई जैसे महापुरुष अपने लिए नहीं, एक-एक क्षण मातृभूमि के लिए जिए। उन्होंने स्वदेश व स्वधर्म के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। इसीलिए सैकड़ों वर्ष बाद भी इन महापुरुषों का नाम लोग श्रद्धा और सम्मान से लेते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौराहे को विकसित करने और क्षत्रिय शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित के लिए प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि निश्चित ही स्थल वर्तमान व भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पल्हरी चौक पर महाराजा खेत सिंह खंगार जूदेव की नवनिर्मित प्रतिमा का लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम क्षत्रिय महासभा द्वारा आयोजित किया गया था। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सांसद आर के सिंह पटेल, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष संजय सिंह पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगराम सिंह राज मौजूद रहे।

