उत्तर प्रदेश में विधानमंडल बजट सत्र का शुरूआत हो गया है। कल सोमवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने विधानमंडल के दोनों सदनों को संबोधित किया। राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र का आगाज हो गया। आज यानी मंगलवार को बजट सत्र का दूसरा दिन है। बता दें कि बजट सत्र के पहले दिन विपक्ष ने जमकर हंगामा किया और अभिभाषण के दौरान ‘राज्यपाल गो बैक’ के नारे लगाए।
आज की सदन की कार्यवाही स्थगित
आज बजट सत्र का दूसरा दिन है। सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन के सदस्यों के निधन पर शोक प्रस्ताव पेश किया। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के विधायक राहुल कोल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष केशरी नाथ त्रिपाठी, पूर्व विधायक मथुरा प्रसाद त्रिपाठी, पूर्व विधायक सुंदर लाल दीक्षित के निधन पर शोक व्यक्त किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि केशरीनाथ त्रिपाठी को सदन का लम्बा अनुभव था। वह सर्वप्रथम जनता पार्टी के टिकट पर विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे। मुख्यमंत्री के अलावा नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने सदन के पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक व्यक्त किया।
बता दें कि शोक प्रस्ताव पारित कर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। कल यानी बुधवार को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट सदन में पेश करेंगे। 22 फरवरी से ही सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी। पहले तीन दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। फिर उसके बाद चार दिन बजट पर चर्चा होगी।
सात लाख करोड़ का हो सकता है बजट
अनुमान है कि 22 फरवरी को पेश होने वाले बजट का आकार लगभग सात लाख करोड़ का हो सकता है। इस बजट में विशेष रूप से संस्कृत के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति बढ़ाने की घोषणा की जा सकती है। छात्रवृत्ति बढ़ाने के लिए 10 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किए जाने की संभावना है। इस बार उम्मीद जताई जा रही कि युवाओं के लिए सरकार बजट में बड़ा ऐलान कर सकती है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत होने वाले निवेश प्रस्तावों को लागू करने के लिए भी बजट प्रावधान सरकार की प्राथमिकता होगी।

