ठग सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेकर एक बड़ा दावा किया है। सुकेश ने दावा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल की जल्द ही गिरफ़्तारी होगी। दरअसल, आज सुकेश की पटियाला कोर्ट में पेशी हुई। इस दौरान उसने दिल्ली की आबकारी नीति घोटाला मामला में और गिरफ्तारियां होने की बात कही है। उसने दिल्ली के मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए और उनकी जल्द गिरफ़्तारी होने का दावा किया।
बता दें कि ठग सुकेश ने आरोप लगाया कि शराब नीति मामले में केजरीवाल वजीर का काम कर रहे हैं। केजरीवाल अपने टास्क को बखूबी निभा रहे हैं। इसके साथ ही सुकेश ने अपनी बात फिर से दोहराते हुए कहा कि शराब नीति से उसका कोई लेना देना नहीं है लेकिन वह एक-एक का पर्दाफाश करेगा।
बहरहाल, ठग सुकेश चंद्रशेखर इससे पहले भी कई तरह के दावे कर चुका है। इससे पहले उसने दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना को एक शिकायत दर्ज कराई थी। जिसमे उसने दावा किया था कि उसके सेल (मंडोली जेल में) के सीसीटीवी फुटेज लीक हो रहे हैं और ऑनलाइन शेयर किए जा रहे हैं।
शराब नीति मामले को लेकर खतरे में आप
अगर ठग सुकेश की बात सही होती है तो आम आदमी पार्टी की मुश्किलें और बढ़ जाएँगी। शराब नीति घोटाला मामलें में हाल ही में आप के नेता व दिल्ली के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। उसके बाद ईडी ने भी कल औपचारिक तौर पर सिसोदिया को गिरफ्तार की है। इस बीच अब सुकेश के इस तरह के दावे आम आदमी पार्टी के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर सकती हैं। हालांकि, सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर वह इससे पहले भी इस तरह का दावा कर चुका है।
100 करोड़ की रिश्वत का आरोप
आरोप है कि 2021-22 में शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने से संबंधित दिल्ली सरकार की आबकारी नीति के जरिए कुछ कारोबारियों को फायदा पहुंचाने की कोशिशें की गई थीं। दक्षिण भारत के इन कारोबारियों ने कथित तौर पर इसके लिए 100 करोड़ की रिश्वत दी थी। इस मामले को लेकर सिसोदिया से लगातार पूछताछ जारी है।

