आज का दिन देश के लिए काफी ऐतिहासिक रहने वाला है चंद्रयान-3 शाम 6: 4 बजे चांद पर लैंड होने वाला है पूरे देश की निगाहें इस गौरवान्वित क्षण के लिए तैयार बैठी हैं। चंद्रयान की लैंडिंग की स्कूलों में सीधे प्रसारण की तैयारी भी पूरी हो गई है विद्यार्थियों में इसके लाइव प्रसारण को लेकर खासा उत्साह है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई स्कूलों ने बच्चों को चंद्रयान की लाइव लैंडिंग दिखाने के लिए अपने स्तर से तैयारी पूरी कर ली है सर्वोदय विद्या मंदिर स्कूल की प्रधानाचार्या आशा चौहान का कहना है कि उन्होनें 9वीं और 10वीं के बच्चों को शाम के समय बुलाया है। साथ ही सभी शिक्षक भी समय पर मौजूद रहेंगे। चंद्रयान की लैंडिंग देखने को लेकर छात्रों में उत्साह है।
चंद्रयान की चांद पर लैंडिंग देखने के लिए बच्चों में काफी उत्साह
कई बच्चे तो शुरुआत से चंद्रयान मिशन के बारे में जानकारी ले रहे हैं। इसके बारे में जानने की उनकी जिज्ञासा भी बढ़ रही है। वहीं दूसरी ओर सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में प्रोजेक्टर के जरिए छात्रों को चंद्रयान की लाइव लैंडिंग दिखाई जाएगी।
महामाया बालिका इंटर कॉलेज के हॉस्टल में ही छात्राओं को चंद्रयान की लैंडिंग दिखाई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह ने बताया कि बुधवार शाम एक घंटे के लिए स्मार्ट टीवी पर जिले के सभी माध्यमिक स्कूलों के बच्चों को चंद्रयान-3 मिशन लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। शाम 5:15 बजे से 6:15 बजे तक सरकारी स्कूल खोलने के आदेश मिले हैं। इस दौरान शाम 5:20 बजे चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या लक्ष्मी ने बताया कि लाइव प्रसारण को लेकर स्कूलों में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
तीन ऑडी में 2000 विद्यार्थी देखेंगे लाइव प्रसारण
नॉलेज पार्क स्थित शारदा विश्वविद्यालय में तीन सभागार में लगभग 2000 विद्यार्थी चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने का लाइव प्रसारण देखेंगे। विवि के निदेशक पीआर डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों को सजीव प्रसारण के लिए पंजीकरण मांगा गया था। इसमें करीब 3200 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से शुरूआत में पंजीकरण कराने वाले लगभग 2000 विद्यार्थियों को विवि के तीन अलग-अलग सभागार में सजीव प्रसारण देखने का मौका मिलेगा। इस दौरान कुछ वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है।

