Chandigarh Mayor Election: चंडीगढ़ मेयर चुनाव में चुनाव अधिकारी पर कदाचार के आरोपों के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. इन आरोपों को लेकर सोमवार (5 फरवरी) को सुनवाई हुई. चंडीगढ़ मेयर चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है. मेयर चुनाव का वीडियो देखने के बाद भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) चंद्रचूड़ ने कहा, “एक अधिकारी मतपत्र के साथ कैसे छेड़छाड़ कर सकता है? ऐसे कार्यों के लिए उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए।”
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ”अगर जरूरत पड़ी तो दोबारा चुनाव कराए जाएंगे.” इसके अतिरिक्त, सुप्रीम कोर्ट ने मतपत्रों और मतदान के वीडियो को हाई कोर्ट को सौपने का आदेश दिया। इस मामले पर अगली सुनवाई अगले हफ्ते होगी. चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कांग्रेस और आप के संयुक्त उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने याचिका दायर की है. उन्होंने कहा कि पीठासीन अधिकारी ने चुनाव के दौरान गलत तरीके से काम किया, जिससे उनकी हार हुई।
हाई कोर्ट ने तीन हफ्ते बाद तय की थी सुनवाई की तारीख
याचिका में कुलदीप कुमार ने यह भी बताया कि उन्होंने दोबारा चुनाव कराने के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर की है, लेकिन हाई कोर्ट ने कोई भी अंतरिम आदेश जारी करने से इनकार कर दिया है. हाई कोर्ट ने तीन हफ्ते बाद सुनवाई तय की है.
8 वोट अवैध घोषित और बीजेपी की हुई जीत
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में बीजेपी विजयी रही. गिनती के दौरान 8 वोट अवैध घोषित किये गये. इसके चलते कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के संयुक्त उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा. भाजपा ने मेयर चुनाव में जीत हासिल करते हुए तीनों पदों पर कब्जा कर लिया। चंडीगढ़ में मेयर चुनाव को कांग्रेस-आप गठबंधन के लिए एक बड़ा झटका माना गया, क्योंकि उनके वोट संयुक्त होने पर दोनों पार्टियों के पास बहुमत था। आप और कांग्रेस ने पीठासीन अधिकारी पर मतपत्रों के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था।

