Cash For Query Row: लोकसभा आचार समिति ने ‘प्रश्नों के बदले नकद’ मामले में महुआ मोइत्रा को 31 अक्टूबर को तलब किया है. समिति ने गुरुवार को एक बैठक की जिसमें यह निर्णय लिया गया कि तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा को 31 अक्टूबर को ‘प्रश्नों के बदले पैसे’ के आरोपों के संबंध में अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया जाएगा। समिति ने जाँच के लिए गृह मंत्रालय और आईटी मंत्रालय से सहयोग मांगा है।
आज बैठक के दौरान मामले में वकील जय अनंत देहाद्राई और बीजेपी नेता निशिकांत दुबे के बयान दर्ज किये गये. सूत्रों के मुताबिक, संसद की एथिक्स कमेटी इस बात से सहमत है कि तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा पर लगे आरोप बेहद गंभीर हैं और वे इस मामले पर गंभीरता से विचार करेंगे.
आईटी और गृह मंत्रालय से मांगा सहयोग
आचार समिति के अध्यक्ष और भाजपा सांसद विनोद सोनकर ने संवाददाताओं से कहा कि समिति ने आज दो लोगों को सुना और प्रस्तुत साक्ष्यों पर विचार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए समिति ने महुआ मोइत्रा को तलब करने का फैसला किया है. उन्हें 31 अक्टूबर को पेश होने के लिए कहा गया है। समिति ने दर्शन हीरानंदानी, महुआ मोइत्रा और वकील जय अनंत देहाद्राई के बीच हुई चर्चा के विवरण के लिए आईटी मंत्रालय और गृह मंत्रालय को पत्र भेजने का भी फैसला किया है।
भाजपा सांसद ने लगाया था आरोप
संसद की आचार समिति के सामने पेश होने के बाद वकील जय अनंत देहाद्राई ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने समिति के सामने सच्चाई रखी है और पूछे गए सभी सवालों का जवाब दिया है. गौरतलब है कि बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा पर बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी से सवाल पूछने के बदले पैसे और गिफ्ट लेने का आरोप लगाया था. इन आरोपों को बिजनेसमैन दर्शन हीरानंदानी ने भी स्वीकार किया था. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इन आरोपों को जांच के लिए संसद की आचार समिति को भेजा था।

