मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विवादित छोटे भाई शालिग्राम गर्ग को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे बमीठा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। बता दें कि धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के भाई पर दलित परिवार की शादी में हंगामा करने और धमकाने का आरोप है। पुलिस ने शालिग्राम के साथ-साथ उसके साथी को भी गिरफ्तार किया है।
विभिन्न धाराओं में किया गया गिरफ्तार
बहरहाल पुलिस ने बताया कि पिछले दिनों शालिग्राम गर्ग का एक वीडियो वायरल हुआ था। उस वीडियो में वह अहिरवार परिवार के शादी समारोह में लोगों को धमकाते दिख रहा था। उस वीडियो के आधार पर पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूछताछ की. पुलिस ने परिवार की रिपोर्ट के आधार पर शालिग्राम पर मारपीट, धमकाना, जान से मारने की धमकी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।
शालिग्राम पर IPC 294,323,506,427 एवं 3(1) द 3(1) ध 3(2)v क एससी एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच एसडीओपी खजुराहो को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि गंभीर जांच के बाद शालिग्राम के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं IPC 336, 25/27 भी बढ़ाई गयी है।
धीरेंद्र शास्त्री का आया बयान
भाई का वीडियो वायरल होने के बाद बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का भी बयान आया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के द्वारा शालिग्राम का विषय हमारे संज्ञान में आया है। देखो हम गलत के साथ नहीं हैं। कानून निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ इसकी जांच करे और हर विषय को हमसे न जोड़ा जाए। हम अपने मार्ग में सनातन, हिंदुत्व और बालाजी की सेवा में लगे हुए हैं. इसलिए कृपा करके हर विषय को हमसे न जोड़ें. इस देश में संविधान है। जो करेगा सो भरेगा।

