Brij Bhushan Singh VS Wrestlers: महिला पहलवानों के खिलाफ कथित यौन उत्पीड़न का आरोप लगने के बाद कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह को राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके सचिव विनोद तोमर के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया है. अदालत ने कहा है कि इनके खिलाफ आरोप तय करने के लिए पर्याप्त सबूत है. कोर्ट ने छठी महिला पहलवान द्वारा लगाए गए सभी आरोपों से बृजभूषण को बरी कर दिया है. हालांकि, बाकी पांच महिला पहलवानों के आरोपों पर आरोप तय करने के आदेश दे दिए गए हैं.
तीन धाराओं में आरोप तय
बृजभूषण पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से हमला या आपराधिक बल), 354-ए (यौन उत्पीड़न), और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत आरोप लगाया गया है। इस बीच, अदालत ने यह भी कहा कि विनोद तोमर के खिलाफ आईपीसी की धारा 506(1) के तहत आरोप तय करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं। दिल्ली पुलिस ने 15 जून, 2023 को बृजभूषण सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 354-ए, 354-डी (पीछा करना) और 506 के तहत आरोप पत्र दायर किया। मामले की अगली सुनवाई 21 मई को होगी.
अब, आगे क्या?
राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा आरोप तय किए जाने के बाद इस मामले की सुनवाई शुरू होगी. सबसे पहले जांच एजेंसी यानी दिल्ली पुलिस आरोपी बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ तीन धाराओं के तहत आरोप साबित करने के लिए अपने सबूत पेश करेगी. इसके बाद बृजभूषण अपने बचाव में सबूत पेश करेंगे और अभियोजन पक्ष की ओर से सवाल-जवाब का दौर होगा. सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत आरोपियों के अपराध को लेकर अपना फैसला सुनाएगी.

