Noida: नोएडा के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह स्कूल प्रशासन को जब यह मेल मिले, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक टीम, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। हालांकि, जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और यह धमकी महज अफवाह साबित हुई।
कौन-कौन से स्कूलों को मिला धमकी भरा ईमेल?
पुलिस के अनुसार, नोएडा के स्टेप बाय स्टेप, द हेरिटेज, ज्ञानश्री और मयूर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले थे। नोएडा के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ADCP) सुमित शुक्ला ने बताया कि इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर पर बुधवार सुबह सूचना मिली कि इन चार स्कूलों को धमकी भरे मेल भेजे गए हैं।
जांच में क्या निकला?
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड के साथ स्कूलों में पहुंची और गहन जांच की। जांच के बाद मयूर स्कूल को छोड़कर बाकी तीनों स्कूलों में कक्षाएं सामान्य रूप से संचालित की गईं। पुलिस ने बताया कि धमकी भरे मेल को साइबर क्राइम ब्रांच को जांच के लिए भेजा गया है, हालांकि अभी तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
ये भी पढें..
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
इससे पहले भी नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं।
- 20 दिसंबर 2024 को नोएडा सेक्टर 126 स्थित एक प्राइवेट स्कूल को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।
- 17 दिसंबर 2024 को ग्रेटर नोएडा के एक अन्य प्राइवेट स्कूल को आधिकारिक मेल आईडी पर इसी तरह की धमकी भेजी गई थी। दोनों मामलों की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी और इन्हें अफवाह करार दिया गया था।
पुलिस की अपील
पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रशासन से अपील की है कि किसी भी अफवाह से घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि, किसी भी संदिग्ध गतिविधि या मेल की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर जांच की जा सके। साइबर क्राइम ब्रांच इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही ईमेल भेजने वाले की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

