MP Ramesh Bidhuri: भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी सांसद कुंवर दानिश अली के खिलाफ असंसदीय शब्दों का इस्तेमाल करने पर पार्टी सांसद रमेश बिधूड़ी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। बता दें कि भाजपा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के निर्देश पर बसपा सांसद दानिश अली के खिलाफ असंसदीय भाषा के इस्तेमाल करने पर यह कदम उठाया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया खेद
दक्षिणी दिल्ली से बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने बीती रात संसद के निचली सदन में चंद्रयान-3 मिशन पर चर्चा के दौरान यूपी के अमरोहा से बहुजन समाज पार्टी के सांसद दानिश अली के खिलाफ आपत्तिजनक और असंसदीय टिप्पणी की थी। बता दें कि इस टिप्पणी को संसदीय रिकॉर्ड से हटा दिया गया है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने तुरंत लोकसभा में बिधूड़ी के व्यवहार के लिए खेद प्रकट किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्होंने रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) की टिप्पणियां नहीं सुनी हैं और उन्होंने सभापति से अनुरोध किया कि अगर उन्होंने विपक्षी सदस्यों को आहत किया है तो उन्हें सदन की कार्यवाही से बाहर कर दिया जाए।
सदन के उप नेता राजनाथ सिंह ने कहा, “यदि सदस्य की टिप्पणी से विपक्ष आहत हुआ है तो मैं खेद व्यक्त करता हूं।” टिप्पणी के समय सदन के अध्यक्ष कांग्रेस सांसद के सुरेश थे, उन्होंने कहा कि उन्होंने टिप्पणियों को रिकॉर्ड से हटाने का आदेश दिया है।

