पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव की आज मतगणना हो रही है। जारी रुझानों के अनुसार नागालैंड और त्रिपुरा में भाजपा गठबंधन सत्ता में वापसी कर रही है। जबकि मेघालय में त्रिशंकु परिणाम आने का आसार दिख रहा है। इसके अलावा पांच राज्यों की विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना भी आज ही हो रही है। महाराष्ट्र में 26 फरवरी को वोट डाले गए थे, जबकि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, झारखंड में 27 फरवरी को मतदान हुआ था। पश्चिम बंगाल के सागरदिघी, तमिलनाडु के इरोड, अरुणाचल प्रदेश के लुमला, झारखंड के रामगढ़ और महाराष्ट्र के कस्बापेठ, चिंचवाड़ में उपचुनावों के नतीजे थोड़ी देर में साफ होते जाएंगे। अभी रुझान आना जारी है।
फिलहाल, रामगढ़ (झारखंड) उपचुनाव में ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJST) पार्टी आगे चल रही है। चिंचवाड़ (पुणे, महाराष्ट्र) उपचुनाव में भाजपा आगे हैं। कस्बा पेठ सीट (पुणे, महाराष्ट्र) पर कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली है। पश्चिम बंगाल विधानसभा के सागरदिघी सीट से लेफ्ट समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार बायरन बिस्वास आगे हैं। तमिलनाडु की इरोड ईस्ट उपचुनाव में कांग्रेस के ईवीकेएस एलंगोवन आगे चल रहे हैं।
इसमें सबसे बड़ा उलटफेर महाराष्ट्र के कस्बा पेठ सीट पर देखने को मिला। यहाँ पर मुकाबला भाजपा-शिवसेना गठबंधन से हेमंत रसाने और कांग्रेस-राकांपा गठबंधन महाविकास अघाड़ी से रवींद्र धंगेकर के बीच था। कांग्रेस उम्मीदवार रवींद्र धंगेकर ने भाजपा उम्मीदवार हेमंत रसाने को हराकर कसबा पेठ सीट से जीत दर्ज कर लिया हैं। बता दें कि 1995 के बाद भाजपा पहली बार इस सीट पर चुनाव हारी है। चिंचवाड़ में भाजपा ने पूर्व विधायक लक्ष्मण जगताप की पत्नी अश्विनी जगताप, एनसीपी के नाना काटे और निर्दलीय राहुल कलाटे के बीच कड़ा मुकाबला है।

