भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया ने एक बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, धर्मशाला में तीसरा टेस्ट मैच खेला जाना था लेकिन अब वहां यह मैच नहीं खेला जाएगा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह मैच 01 मार्च से 05 मार्च तक खेला जाना था। बात दें कि इस मैच को अब इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।
बीसीसीआई ने ट्वीट कर दी जानकारी
बीसीसीआई ने ट्वीट कर स्थानांतरित करने की जानकारी दी। बीसीसीआई ने ट्वीट में कहा अब इस मुकाबले को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। धर्मधाला में काफी सर्दी है और आउटफ़ील्ड में पर्याप्त घास भी नहीं है, जिसे पूरी तरह से विकसित होने के लिए कुछ समय लगेगा, इसी कारण से मैच को इंदौर स्थानांतरित करने का फैसला किया गया है।
धर्मशाला में सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला गया
बता दें कि धर्मशाला में अभी तक सिर्फ एक टेस्ट मैच खेला गया है। यह मैच 2017 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ही खेला गया था। हालांकि यहां वनडे और टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच नियमित रूप से खेले जाते हैं।
यहां देखिए टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल
9 फरवरी को नागपुर में इस 4 टेस्ट मैचों का पहला मुकाबला खेला गया था। वहीं अब दूसरे टेस्ट मैच का आयोजन 17 फरवरी से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में किया जाएगा। इसके बाद सीरीज का तीसरा टेस्ट मुकाबला इंदौर के होल्कर स्टेडियम में 1 से 5 मार्च तक खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज का अंतिम और आखिरी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 9 से 13 मार्च तक खेला जाएगा।

