उमेश पाल हत्याकांड के बाद यूपी पुलिस बदमाशों को पकड़ने लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में पूर्वांचल के बाहुबली अतीक अहमद का नाम भी सामने आ रहा है। गुजरात की जेल में बंद अतीक अहमद ने यूपी में अपनी जान का खतरा बताते हुए सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाई है।
अतीक अहमद आज बुधवार (1 मार्च) को सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका लगाई है जिसमें उसने यूपी में अपनी जान को खतरा बताया है। उसने सुप्रीम कोर्ट से उमेश पाल हत्याकांड मामले में गिरफ्तार कर यूपी न भेजे जाने की मांग की है। अतीक अहमद ने कहा है कि उससे पूछताछ भी गुजरात में ही हो।
बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस-प्रशासन ने बुधवार को अतीक अहमद के करीबी जफर अहमद के घर पर बुलडोजर चलाया है। बीते शुक्रवार को धूमनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत जयतीपुर में उमेश पाल और उसके एक सुरक्षाकर्मी की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल, बहुजन समाज पार्टी विधायक राजू पाल हत्याकांड का मुख्य गवाह था।
गौरतलब है कि सोमवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में उमेश पाल हत्याकांड का एक आरोपी अरबाज मारा गया था। इस मुठभेड़ में धूमनगंज के थाना प्रभारी राजेश मौर्य भी घायल हो गए, जिनका उपचार एसआरएन अस्पताल में चल रहा है।

