भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तहत खेले जा रहे चौथे और अंतिम टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारत ने अपनी पहली पारी में सधी हुई शुरुआत की है। दिन का खेल खत्म होने पर भारत ने बिना किसी नुकसान के 36 रन बना लिए हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 17 और शुभमन गिल 18 रन बनाकर नाबाद हैं।
इससे पहले सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और कैमरुन ग्रीन की शतकीय पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 480 रन बनाए। ख्वाजा ने 180 और ग्रीन ने 114 रन बनाए। इन दोनों के अलावा टॉड मर्फी ने 41, स्टीव स्मिथ ने 38, ट्रैविस हेड ने 32 और नाथन ल्योन ने 34 रन बनाए। भारत की तरफ से रविचंद्रन अश्विन ने 6 विकेट लिए।
ग्रीन ने बनाए टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला शतक
आज दिन की शुरूआत से ही ख्वाजा और ग्रीन ने भारतीय गेंदबाजों को खूब परेशान किया। उस्मान ख्वाजा और कैमरन ग्रीन, दोनों ने अच्छी बल्लेबाजी की और पांचवें विकेट के लिए 208 रनों की मजबूत साझेदारी की। इस दौरान ग्रीन ने टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला शतक भी पूरा किया। इस साझेदारी को रविचंद्रन अश्विन ने ग्रीन को भरत के हाथों कैच कराकर तोड़ा। ग्रीन ने 114 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। अश्विन ने इसके बाद एलेक्स कैरी (00) को भी चलता कर भारत को दोहरी सफलता दिला दी। 387 के कुल स्कोर पर अश्विन ने मिचेल स्टॉर्क को चलता कर भारत को सातवीं सफलता दिलाई। स्टॉर्क ने 6 रन बनाए।
409 के कुल स्कोर पर अक्षर पटेल ने ख्वाजा को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। ख्वाजा ने 180 रनों की मैराथन पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 422 गेंदों का सामना किया और 21 चौके लगाए। इसके बाद नाथन लियोन और टॉड मर्फी ने नौवें विकेट के लिए 70 रन जोड़े। अश्विन ने 479 के कुल स्कोर पर मर्फी को आउट कर मैच में अपना पांचवां विकेट लिया। मर्फी ने 41 रन बनाए। 480 के कुल स्कोर पर अश्विन ने लियोन को एलबीडब्ल्यू कर ऑस्ट्रेलियाई पारी का अंत किया। अश्विन का मैच का यह छठा विकेट था। लियोन ने 34 रन बनाए। मैथ्यू कुहनेमन बिना खाता खोले नाबाद रहे।
बता दें कि भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन ने 6, मोहम्मद शमी ने दो और रवीन्द्र जडेजा व अक्षर पटेल ने 1-1 विकेट लिया।

