Arvind Kejriwal Resigns: जेल से रिहा होने के बाद केजरीवाल ने दो दिन के अंदर ही अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया था। अपने ऐलान के मुताबिक केजरीवाल ने आज मंगलवार शाम को इस्तीफा दे दिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पद के लिए एक नया चेहरा भी सामने आ गया है। कई नामों पर विचार करने के बाद आतिशी को केजरीवाल का उत्तराधिकारी चुना गया है। विधायक दल की बैठक में उनके नाम का प्रस्ताव रखा गया और सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से इसे स्वीकार कर लिया।
सरकार बनाने का दावा पेश किया
आज शाम अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद आम आदमी पार्टी एक बार फिर अपने सभी विधायकों की मदद से सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। नई सरकार उपराज्यपाल के जरिए राष्ट्रपति के सामने अपना दावा पेश करेगी। जैसे ही राष्ट्रपति इसे मंजूरी देंगे, आतिशी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी और अपना पदभार संभाल लेंगी। इस बीच, केजरीवाल का इस्तीफा स्वीकार होने के बाद उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री कहा जाएगा और उन्हें अपना सरकारी आवास भी खाली करना होगा।
आतिशी ने बताए अपने इरादे
केजरीवाल के इस्तीफे और आतिशी के मुख्यमंत्री बनने की खबर सामने आने के बाद से ही विपक्षी दल लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। तमाम प्रतिक्रियाओं और हमलों के बीच आतिशी ने खुद ही साफ कर दिया कि वह सिर्फ चुनाव तक ही मुख्यमंत्री रहेंगी। उन्होंने अपनी रणनीति बताते हुए कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बिठाना है। इसके साथ ही आतिशी ने अनुरोध किया कि कोई भी उन्हें बधाई न दे और न ही माला पहनाए।

