Arvind Kejriwal News: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के स्वास्थ्य को लेकर एक अहम खबर सामने आई है। आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि जेल में रहने के दौरान केजरीवाल का वजन लगातार घट रहा है। अब तक उनका वजन आठ किलोग्राम कम हो चुका है। पार्टी ने लगातार घट रहे इस वजन को बेहद चिंताजनक बताया है। अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने 21 मार्च 2024 को दिल्ली आबकारी नीति मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय उनका वजन 70 किलोग्राम था। 2 जून तक उनका वजन घटकर 63.5 किलोग्राम रह गया और 22 जून तक यह और घटकर 62 किलोग्राम रह गया। यानी 94 दिनों में उनका वजन आठ किलोग्राम कम हो गया है।
डाइट में शामिल होंगी पूरी और पराठे
दिल्ली एम्स बोर्ड की स्वास्थ्य जांच रिपोर्ट के बाद यह जानकारी सामने आई है। अरविंद केजरीवाल के घटते वजन को देखते हुए दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ने जेल प्रशासन को उनके डाइट प्लान में पराठे और पूरी शामिल करने का सुझाव दिया है। आम आदमी पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि एम्स मेडिकल बोर्ड ने अभी तक मुख्यमंत्री के रक्त से संबंधित कुछ ही टेस्ट किए हैं। उनके हृदय और कैंसर से संबंधित टेस्ट अभी तक नहीं किए गए हैं।
डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच का सुझाव दिया था
बता दें कि मैक्स अस्पताल के डॉक्टरों ने अरविंद केजरीवाल के लगातार घटते वजन को गंभीर माना था। वहां के चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री के लिए कई टेस्ट की सलाह दी थी, जिसके लिए केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत की अवधि सात दिन बढ़ाने की मांग की थी। हालांकि, शीर्ष अदालत ने अंतरिम जमानत अवधि बढ़ाने से इनकार कर दिया।

