Arvind Kejriwal Arrest: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कथित शराब घोटाला से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में हैं। ट्रायल कोर्ट ने केजरीवाल को ईडी की हिरासत में भेजने का आदेश दिया था. उनकी रिमांड अवधि गुरुवार यानी आज खत्म हो रही है. सीएम केजरीवाल को आज दोपहर 2 बजे दिल्ली की अदालत राउज एवेन्यू में पेश किया जाएगा. सीएम केजरीवाल के लिए आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है. उन्हें ईडी की हिरासत से रिहा किया जाएगा या हिरासत में ही रखा जाएगा, इसका फैसला ट्रायल कोर्ट करेगा। उधर, केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से दिल्ली के साथ-साथ पूरे देश में राजनीति गरमा गई है. कोर्ट से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ी जा रही है.
लगभग दो घंटे की पूछताछ के बाद ईडी की टीम ने दिल्ली के सीएम को हिरासत में ले लिया था. इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें 28 मार्च तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया। यह रिमांड अवधि गुरुवार दोपहर 2 बजे खत्म हो रही है, जब केजरीवाल को कोर्ट में पेश किया जाएगा. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ईडी केजरीवाल को दोबारा रिमांड पर लेने की मांग करती है या नहीं. साथ ही ईडी की मांग पर कोर्ट का रुख देखना भी दिलचस्प होगा, क्योंकि पूरे देश की नजर इस केस पर टिकी हुई है.
दिल्ली हाई कोर्ट से झटका
इससे पहले 27 मार्च को दिल्ली हाई कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल की याचिका पर सुनवाई की थी, जिसमें उन्होंने ईडी द्वारा अपनी गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की थी. हालांकि, अरविंद केजरीवाल को हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. हाई कोर्ट ने केजरीवाल को राहत देने से इनकार कर दिया था. ईडी की ओर से एएसजी एसवी राजू और मुख्यमंत्री केजरीवाल की ओर से अभिषेक मनु सिंघवी कोर्ट में मौजूद थे. सिंघवी ने ईडी की कार्रवाई को अवैध मानने के लिए केजरीवाल की ओर से मजबूत दलीलें पेश की थीं. हालाँकि, उनकी दलीलें खारिज कर दी गईं।
पूर्व उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद भी जेल में
कथित शराब घोटाला मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ये दोनों फिलहाल जेल में हैं. उनसे पहले दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येन्द्र जैन भी मनी लॉन्ड्रिंग के एक अन्य मामले में जेल में थे। इन तीनों की गिरफ्तारी के बाद पिछले हफ्ते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी शराब घोटाला मामले से जुड़े आरोप में गिरफ्तार किया गया था. दिल्ली की एक्साइज पॉलिसी मामलों में अब तक कई हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

