Arvind Kejriwal Arrest: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal Arrest) ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में रहते हुए अपना पहला निर्देश जारी किया। आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्रों ने रविवार सुबह यह जानकारी दी, जिसमें बताया गया कि सीएम केजरीवाल ने दिल्ली जल बोर्ड को लेकर एक आदेश जारी किया है. कई लोगों के मन में यह प्रश्न उठ रहा था कि आंखिर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने जेल से कौन सा ऑर्डर जारी किया है. इसके जवाब में दिल्ली की जल मंत्री और आप नेता आतिशी मार्लेना ने मीडिया को संबोधित कर सीएम केजरीवाल द्वारा जारी आदेश को पढ़ा.
सीएम केजरीवाल की ओर से आतिशी मार्लेना ने कहा, “मुझे पता चला है कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में पानी और सीवेज की गंभीर समस्याएं हैं। मैं इसे लेकर बहुत चिंतित हूं। चूंकि मैं जेल में हूं, इसलिए लोगों को कोई असुविधा या परेशानी नहीं होनी चाहिए।”
पानी की समस्या खत्म करने का निर्देश
आतिशी ने सीएम केजरीवाल के निर्देश का हवाला देते हुए कहा, ”गर्मियां आ रही हैं. जहां पानी की कमी है, वहां पर्याप्त संख्या में टैंकरों की व्यवस्था करें. मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को उचित आदेश जारी करें ताकि जनता को कोई परेशानी न हो. तत्काल और जनता की समस्याओं का उचित समाधान किया जाए। यदि आवश्यक हो तो उपराज्यपाल का सहयोग लें। वे भी आपकी मदद करेंगे।”
सीएम केजरीवाल के जेल से भेजे गए इस आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने इसकी आलोचना की. उन्होंने कहा, “आपको दिल्ली में पानी और सीवेज की समस्या तभी समझ में आती है जब आप जेल में हैं. वह भी आपको कब याद आता है? 9 साल बाद… केजरीवाल जी, अब बहुत देर हो चुकी है… जेल के अंदर से केजरीवाल द्वारा लिखी गई स्क्रिप्ट को अब दिल्ली सुनने वाली नहीं है।”
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार
गौरतलब है कि सीएम केजरीवाल को 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की उत्पाद शुल्क नीति से संबंधित कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में ईडी ने गुरुवार रात गिरफ्तार (Arvind Kejriwal Arrest) किया था। वह फिलहाल केंद्रीय जांच एजेंसी ED की हिरासत में हैं। यह मामला कथित तौर पर दिल्ली सरकार की आबकारी नीति तैयार करने और लागू करने में भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है। बाद में इस नीति को ख़त्म कर दिया गया. इस मामले में आप के शीर्ष नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह भी न्यायिक हिरासत में हैं. ईडी द्वारा दायर की गई चार्जशीट में केजरीवाल का नाम कई बार लिया गया है और उन्हें इस पूरे घोटाले का किंगपिन करार दिया गया है।

