Amit Shah: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव नजदीक आ गए हैं, ऐसे में सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति में शामिल पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकों का सिलसिला जारी है। गुरुवार को एक और अहम बैठक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर दिल्ली में हुई, जिसमें महायुति के शेष 23 सीटों पर मंथन हुआ। सूत्रों के हवाले से खबर है कि अमित शाह ने महायुति के बागियों को लेकर चिंता जताई है और इस मुद्दे पर महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।
अमित शाह की नज़र बागियों पर
सूत्रों के अनुसार, अमित शाह ने बैठक के दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम अजित पवार को स्पष्ट सलाह दी कि महायुति में किसी भी दल से बागी खड़े नहीं होने चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि महायुति की तीनों पार्टियाँ—बीजेपी, एनसीपी (अजित पवार गुट), और शिवसेना (शिंदे गुट)—एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगी। अमित शाह की इस कड़ी हिदायत के बाद सभी दलों में बागियों को रोकने के प्रयास तेज़ हो गए हैं।
बीजेपी-एनसीपी ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची
विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और एनसीपी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। बीजेपी ने 99 उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक बार फिर नागपुर दक्षिण पश्चिम से उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कामठी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
वहीं, एनसीपी ने भी 38 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें अजित पवार पुणे जिले की बारामती सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगे। एनसीपी की इस सूची में उन 26 विधायकों को भी टिकट दिया गया है जो अजित पवार के साथ सत्तारूढ़ खेमे में शामिल हुए थे।
ये भी पढ़ें..
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर दो वाहनों की टक्कर, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
विधानसभा चुनाव की तारीखें
महाराष्ट्र विधानसभा में कुल 288 सीटें हैं, जिन पर 20 नवंबर को चुनाव होंगे। मतगणना 23 नवंबर को होगी। 2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 105 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार बीजेपी, शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट), और एनसीपी (अजित पवार गुट) के साथ मिलकर चुनावी मैदान में है।

