Allu Arjun Bail: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को शुक्रवार को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई हाल ही में हैदराबाद के एक सिनेमाघर में हुई एक महिला की मौत के मामले में की गई। गिरफ्तारी के बाद अभिनेता को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की बात सामने आई थी। हालांकि, शुक्रवार को ही हाईकोर्ट से अल्लू अर्जुन को जमानत मिल गई।
क्या है मामला?
अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की बहुचर्चित फिल्म ‘पुष्पा-2’ बीते 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म के रिलीज से पहले, इसका प्रीमियर हैदराबाद के संध्या थियेटर में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे 35 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई।
इस घटना के बाद, पुलिस ने मामले में थियेटर प्रबंधन और अल्लू अर्जुन के खिलाफ शिकायत दर्ज की। शुक्रवार को, पुलिस ने अभिनेता और उनके बॉडीगार्ड संतोष को गिरफ्तार कर चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन ले जाया, जहां उनसे पूछताछ की गई।
पुलिस स्टेशन के बाहर जुटी फैंस की भीड़
अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही, उनके फैंस पुलिस स्टेशन के बाहर जमा होने लगे। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा
ये भी पढें..
राजनीतिक बयानबाजी शुरू
इस मामले ने तेलंगाना की राजनीति को भी गरमा दिया है। बीआरएस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी की। उन्होंने लिखा,
“नेशनल अवॉर्ड विजेता अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी सत्ताधारियों की असुरक्षा को दर्शाती है। मृतक महिला के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, लेकिन असल जिम्मेदार कौन है? अल्लू अर्जुन को ऐसे मामले में गिरफ्तार करना गलत है, जिसमें उनकी सीधी जिम्मेदारी नहीं बनती।”
फैंस और इंडस्ट्री का रिएक्शन
अल्लू अर्जुन के फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने इस गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि एक सुपरस्टार को इस तरह से निशाना बनाना उचित नहीं है।

