उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आज मीडिया से बात करते हुए आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि देश की जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार से बहुत दुखी है। भाजपा ने सिर्फ नारे दिए हैं। कोई काम नहीं किया है। भारत सिर्फ बातों से नहीं ठोस कामों से बदलेगा। उन्होंने कहा कि इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस(आई.एन.डी.आई.ए.) गठबंधन भाजपा के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(एनडीए) को हरायेगा। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के सन्दर्भ में समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 में ’80 हराओ-भाजपा हटाओ’ का नारा दिया है। यह बातें सोमवार को एक टीवी चैनल पर वार्ता करते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कही।
देश की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब से है
अखिलेश यादव ने कहा है कि भारत की पहचान सामाजिक सद्भाव, भाईचारा, हिन्दू-मुस्लिम एकता से है। देश की पहचान गंगा-जमुनी तहजीब से है, लेकिन भाजपा नकारात्मक राजनीति कर रही है। विकास रोक दिया है। महंगाई का मुद्दा उठाने पर लोगों को जेल भेज दिया जाता है। भाजपा ने जनता से किये वादों को पूरा नहीं किया। इनका हर वादा जुमला निकला। महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। डीजल-पेट्रोल, गैस, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम आसमान पर है। किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। दालों की कीमत बहुत बढ़ गयी। यह मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है? किसानों को फसलों की एमएसपी नहीं मिली।
आई.एन.डी.आई.ए. गठबंधन’ एनडीए गठबंधन को हराएगा
उन्होंने कहा कि देश की हालत बेहद खराब है। मणिपुर के मुद्दे पर सरकार चुप है। क्या आज के समय में कोई कल्पना कर सकता है कि बेटियों को निर्वस्त्र घुमाया जाएगा और सरकार चुपचाप देखती रहेगी। पूरी भाजपा सरकार मणिपुर की घटना छिपा कर बैठी थी। दुनिया में देश की बदनामी हुई है। प्रधानमंत्री जी जवाब क्यों नहीं दे रहे हैं? अखिलेश यादव ने कहा कि मणिपुर में जो कुछ हुआ वह सरकार के इशारे पर हो रहा है। भाजपा देश को धोखा दे रही है। देश की दो तिहाई जनसंख्या भाजपा के खिलाफ है। समाजवादी पार्टी ‘आई.एन.डी.आई.ए. गठबंधन’ में शामिल दलों को साथ लेकर भाजपा को हरायेगी।

