Noida: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सोमवार को वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। नोएडा का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 177 और ग्रेटर नोएडा का 190 रहा। रविवार की तुलना में सोमवार को नोएडा के एक्यूआई में 121 अंक और ग्रेटर नोएडा के एक्यूआई में 64 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
सुबह के समय दोनों शहरों की हवा खराब श्रेणी में थी, लेकिन दिनभर तेज धूप और हवा के कारण शाम तक इसमें सुधार हुआ।
मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान: हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने 22 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई है, जिससे वायु प्रदूषण में और कमी आने की उम्मीद है।
आने वाले दिनों में दोनों शहरों का एक्यूआई 200 के आसपास रह सकता है। बारिश के साथ हवा में सुधार की संभावना है, जिससे निवासियों को प्रदूषण से राहत मिलेगी।
घने कोहरे का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 24 जनवरी को नोएडा और ग्रेटर नोएडा में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। अगले छह दिनों तक न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
ये भी पढें..
Delhi Metro News: गणतंत्र दिवस के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा सख्त, DMRC ने यात्रियों को दी यह सलाह
हालांकि, वायु गुणवत्ता में सुधार के बावजूद, समय-समय पर इसमें उतार-चढ़ाव हो सकता है। निवासियों को बदलते मौसम के अनुसार सतर्क रहने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
हवा की गुणवत्ता में सुधार का असर
मौसम में हो रहे इन परिवर्तनों का सीधा असर वायु गुणवत्ता पर देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश और तेज हवा से प्रदूषकों का स्तर कम होगा। यह दोनों शहरों के निवासियों के लिए राहतभरी खबर है।

