सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के लिए धन उपलब्ध कराने में असमर्थता व्यक्त करने पर दिल्ली सरकार को फटकार लगाई। इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आम आदमी पार्टी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा।
शहजाद पूनावाला ने कहा कि आम आदमी पार्टी को आज कोर्ट से दो झटके लगे हैं। कोर्ट ने मनीष सिसोदिया को शराब घोटाले में राहत देने से मना कर दिया। साफ है मनीष सिसोदिया शराब घोटाले के मुख्य आर्किटेक्ट हैं। दिल्ली सरकार ने जानबूझ कर एक्साइज पॉलिसी में लूपहोल्स रखे ताकि भ्रष्टाचार किया जा सके। यह सारे काम अरविंद केजरीवाल की देख रेख में हुआ। वे अपने आप को ईमानदार बताते हुए कट्टर बेईमान को बचाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह शराब घोटाला मुख्यमंत्री की मिलीभगत से हुआ।
इसके साथ सुप्रीम कोर्ट की तरफ से दिल्ली-गाजियाबाद- मेरठ (आरआरटीएस ) के लिए धन उपलब्ध कराने में दिल्ली सरकार द्वारा असमर्थता व्यक्त करने पर भाजपा ने आप पर हमला बोला। शहजाद पूनावाला ने कहा कि इस पूरी योजना पर दिल्ली सरकार को 1800 करोड़ रुपये का भुगतान करना है। आप सरकार के पास विज्ञापन के लिए पैसा होता है लेकिन दिल्ली की जनता के यातायात के लिए पैसे नहीं हैं। अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की जनता को जवाब देना चाहिए कि उन्होंने कितना पैसा भ्रष्टाचार में खाया और कितना पैसा दिल्ली की जनता का अपने विज्ञापन में उड़ाया।

