खालिस्तानी समर्थक और वारिस पंजाब दे संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस का एक्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। पंजाब पुलिस ने भगोड़ा अमृतपाल को पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज करते हुए अब तक उसके सौ से भी अधिक सहियोगियों को हिरासत में ले लिया है। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह पर हो रहे इस कार्रवाई से विदेशों में बैठे भारत विरोधी तत्व हरकत में आ गए हैं। ब्रिटेन के लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग में खालिस्तान समर्थकों और अलगाववादियों द्वारा खालिस्तानी झंडा फहराए जाने के बाद अब खालिस्तानियों ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को शहर में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमला कर तोड़फोड़ की है।
बता दें कि सैन फ्रांसिस्को की गिनती संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रमुख सांस्कृतिक, वाणिज्यिक और वित्तीय केंद्र के रूप में होती है। सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में तोड़फोड़ करने से पहले अलगाववादी समर्थकों ने प्रदर्शन कर खालिस्तान के झंडे लहराए। भारतीय अधिकारियों ने इन झंडों को हटाया, तो उन पर हमला कर दिया। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इन लोगों ने दूतावास में घुसकर दरवाजे तोड़ते हुए नारेबाजी की। साथ ही दूतावास की दीवार पर फ्री अमृतपाल नारा भी लिख दिया। बता दें कि अमृतपाल सिंह भारत में पंजाब पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दिन-रात एक किए हुए है।

