आम आदमी पार्टी के युवा नेता और पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आज एक बार फिर से भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा पर दिल्ली की केजरीवाल सरकार को गिराने का गंभीर आरोप लगाया है। इसके अलावा उन्होंने फीडबैक यूनिट से जासूसी के भी आरोप पर भी केंद्र सरकार को घेरा है।
आप नेता राघव चड्ढा ने कहा कि भाजपा दिल्ली में चुनाव दर चुनाव हारती आई है। अब चोर दरवाज़ा ढूंढ रही है। उन्होंने विधायकों को भी धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमारे विधायकों को धमकी मिल रही है कि अगर हम उप मुख्यमंत्री के साथ कर सकते हैं, तुम तो सिर्फ़ विधायक हो। तुम्हें भी उप मुख्यमंत्री की तरह जेल पहुंचा दिया जाएगा।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा अपनी नापाक कोशिशें बंद करे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने कई बार खूब कोशिश की, हमारे विधायक नहीं तोड़ पाई। आम आदमी के पास प्रचंड बहुमत है। हमारे पास 62 विधायक हैं और भाजपा के पास 8 विधायक हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा अविश्वास प्रस्ताव की आड़ में विधायक ख़रीद कर सरकार गिराना चाहती है। जैसे मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र तक सरकारें गिराई।
उल्लेखनीय है कि भाजपा विधायकों ने शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पेश करना चाहा था। उनका आरोप है कि अरविंद केजरीवाल भी दिल्ली शराब नीति घोटाले में शामिल हैं और उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।

