साल के अंत तक देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने है। इन राज्यों में राजस्थान, मध्यप्रदेश और कर्नाटक भी शामिल है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजस्थान के बाद अब आज मध्य प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का बिगुल फूका है। प्रदेश की राजधानी भोपाल में आप नेता केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के लोगों के लिए अब आम आदमी पार्टी विकल्प बनेगी। बता दें कि इससे पहले केजरीवाल राजस्थान में भी सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके है।
देश का प्रधानमंत्री पढ़ा-लिखा होना चाहिए
दरअसल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ भोपाल पहुंचे थे। जहाँ उन्होंने जनसभा को सम्बोधित करते हुए आप के चुनावी अभियान का आगाज किया। अरविंद केजरीवाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी और कांग्रेस ने 20 साल प्रदेश में राज किया है, लेकिन अब आप जनता के लिए विकल्प बनेगी। उन्होंने लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि आम चुनाव में बीजेपी को बड़ी समस्या होने वाली है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी आम आदमी पार्टी से डरते हैं। ये कहते हैं कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के लिए केजरीवाल जिद्दी है। जिस दिन प्रधानमंत्री ने मनीष सिसोदिया को जेल भेजा, मुझे लगा देश का प्रधानमंत्री पढ़ा-लिखा होना चाहिए. अगर देश के प्रधानमंत्री पढ़े-लिखे होते तो उन्हें शिक्षा का महत्व पता होता।
मुझे नौकरी देनी आती है, एक मौका देकर देखो
केजरीवाल ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश के लोग एक मौका दो, मध्य प्रदेश में हम फ्री बिजली देंगे। पंजाब में मान साहब शानदार काम कर रहे हैं। अमीर हो या गरीब हो सबका इलाज दिल्ली में मुफ्त में होता है। मध्य प्रदेश के लोगों को मुफ्त इलाज देंगे। हमारी नीयत साफ है मुझे नौकरी देनी आती है। एक मौका देकर देखो। हमारे दो शानदार मंत्री सत्येंद्र और मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया। केजरीवाल के ऊपर कीचड फेंका जा रहा है। पहले इस देश में धर्म, जाति और जाली गलौज की राजनीति होती थी, हम काम की राजनीति करते हैं।

