दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक 44 वर्षीय व्यक्ति की कार नाले में गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब 11 बजे रिंग रोड पर मेट्रो पिलर के पास हुई। जेसीबी की मदद से कार को निकाला गया और मृतक का शव गोताखोरों ने बरामद किया।
रात 11 बजे की है घटना
पुलिस ने बताया कि भलस्वा डेयरी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार असुरक्षित मेट्रो डायवर्सन की ओर मुड़ गई और नाले में गिर गई। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी जिले से आपदा प्रबंधन दल, पीसीआर वैन, दमकल गाड़ियां और गोताखोर मौके पर पहुंचे। 20 मिनट के भीतर कार दुर्घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर मिल गई। समाचार एजेंसियों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल कार शालीमार बाग के राजेश भुट्ट के नाम पर पंजीकृत थी और इसे जेसीबी मशीन की मदद से नाले से बाहर निकाला गया। हालांकि, मृतक का शव तुरंत बरामद नहीं हो सका।
गोताखोरों के मदद से नाले से निकाला गया शव
सोमवार की सुबह गोताखोरों की एक टीम ने फिर प्रयास किया और भुट्ट के शव को नाले से निकाला। जांच के दौरान पता चला कि भुट्ट एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता था और रविवार को वह अकेले मौज-मस्ती के लिए बाहर गया था। शुरुआती जांच से पता चलता है कि दुर्घटना तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण हुई। पुलिस ने गवाहों के बयानों और जांच के दौरान जुटाई गई जानकारी के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और 106 (1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच जारी है।

