Delhi Metro Viral Video: शब-ए-बरात के मौके पर दिल्ली के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। दिल्ली मेट्रो पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद सामने आया, जिसमें कुछ लोग ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन (AFC) गेट के ऊपर से कूदकर बाहर निकलते दिख रहे थे।
हुड़दंगियों पर दर्ज हुआ मामला
दिल्ली मेट्रो पुलिस ने 132 BNS, 221 BNS और 59 DMRC एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कई यूजर्स ने इसे सुरक्षा में बड़ी चूक बताया और दिल्ली मेट्रो की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
मनोज तिवारी बोले- होगी सख्त कार्रवाई
जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर हुई इस घटना को लेकर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी आरोपियों की पहचान सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही है और उन पर सख्त कार्रवाई होगी।”
उन्होंने आगे कहा, “यह चिंता का विषय है कि आखिर कौन लोग अपने बच्चों को ऐसी शिक्षा दे रहे हैं? मेट्रो के परिचालन को इस तरह प्रभावित करना स्वीकार्य नहीं है। माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों को अनुशासन में रहने की सीख दें। सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह का बर्ताव पूरी तरह गलत है।”
DMRC ने दी सफाई
इस मामले में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने भी सफाई दी है। DMRC ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी कर कहा, “सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के संबंध में जानकारी दी जाती है कि यह घटना 13 फरवरी 2025 की शाम वायलट लाइन के जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर हुई थी।” DMRC ने आगे कहा कि यात्री मेट्रो नियमों का पालन करें और इस तरह की घटनाओं से बचें, ताकि मेट्रो परिचालन सुचारु रूप से जारी रहे।

