IPL 2025 Auction: विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत आईपीएल मेगा ऑक्शन के बाद से सुर्खियों में छाए हुए हैं। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था, जिसके बाद से ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि ऑक्शन में उनके लिए बड़ी बोली लग सकती है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस उम्मीद को सच कर दिखाया और पंत को 27 करोड़ रुपये की भारी भरकम कीमत पर अपनी टीम में शामिल कर लिया। इस राशि के साथ ऋषभ पंत आईपीएल के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं।
पंत के लिए हुई जबरदस्त बिडिंग वॉर
ऑक्शन के दौरान ऋषभ पंत को लेकर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। कई फ्रेंचाइजी ने उन्हें खरीदने की कोशिश की, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स शुरुआत से ही उनके लिए मजबूत दावेदारी पेश करती रही। आखिरकार, टीम ने पंत को हासिल कर लिया।
पिछले 9 सालों से दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले ऋषभ पंत इस बार टीम का हिस्सा नहीं हैं। जीएमआर ग्रुप द्वारा फ्रेंचाइजी की कमान संभालने के बाद पंत को रिटेन नहीं किया गया, जिससे वह ऑक्शन का हिस्सा बने।
ये भी पढें..
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में होगा सोमवार को किसानों का हंगामा, राकेश टिकैत करेंगे नेतृत्व
ऋषभ पंत का आईपीएल करियर
ऋषभ पंत ने साल 2016 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए डेब्यू किया था। 2021 में वह आईपीएल के इतिहास में सबसे कम उम्र के कप्तानों में से एक बने। पंत ने अब तक 111 आईपीएल मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 35.31 की औसत और 148.93 की स्ट्राइक रेट से 3284 रन बनाए हैं।
पंत ने आईपीएल में 18 अर्धशतक और 1 शतक भी लगाया है। पिछले सीजन में उन्होंने 13 मैचों में 446 रन बनाए थे। वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स से उम्मीदें
लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंत पर भरोसा जताते हुए उन्हें सबसे बड़ी रकम पर खरीदा है। टीम को उम्मीद है कि पंत अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार विकेटकीपिंग से उन्हें सफलता दिलाएंगे। अब देखना होगा कि पंत इस नए सफर में टीम की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं।

