Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के थाना बिसरख क्षेत्र की एआईजी रॉयल सोसाइटी में मंगलवार शाम को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 28 वर्षीय युवक ने 10वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान और पारिवारिक जानकारी
जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान शिवम सिंह के रूप में हुई है, जो मूलरूप से आजमगढ़ का निवासी था और ग्रेनो वेस्ट स्थित एआईजी रॉयल सोसाइटी में अपने जीजा के साथ रह रहा था। बताया जा रहा है कि शिवम पिछले 4-5 महीनों से मानसिक तनाव से गुजर रहा था, जिसकी वजह से उसने यह कदम उठाया।
घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप
घटना के बाद सोसाइटी में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटना स्थल पर जमा हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी है।
ये भी पढें..
Noida News: मैरीगोल्ड पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल ने पुलिस से मांगी मदद, जानें क्या है पूरा मामला
पुलिस की प्रतिक्रिया
थाना बिसरख के अधिकारियों के अनुसार, मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि शिवम के मानसिक तनाव का कारण क्या था और क्या उसके इस कदम के पीछे कोई अन्य वजह हो सकती है।

