Ghaziabad: गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव के नामांकन पत्रों की जांच में सोमवार को 19 में से 5 प्रत्याशियों के नामांकन खारिज कर दिए गए। इसमें से दो प्रत्याशियों ने आज ही भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा के समर्थन का ऐलान किया था। नामांकन की जांच प्रक्रिया के बाद अब 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। नाम वापसी की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर निर्धारित की गई है, जिसके बाद चुनावी मैदान में प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
नामांकन क्यों हुए खारिज?
रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय के अनुसार, सोमवार को हुई जांच में वीके अग्रवाल, कुलभूषण त्यागी, सोम प्रताप गहलौत, वीरेंद्र कुमार और सत्यम शर्मा के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए। सत्यम शर्मा का पर्चा उम्र की न्यूनतम सीमा पूरी न करने के कारण खारिज हुआ, क्योंकि विधानसभा चुनाव में न्यूनतम आयु 25 वर्ष होती है और सत्यम की उम्र मात्र 23 वर्ष थी। बाकी चार नामांकन फार्म भरने में त्रुटियों के कारण निरस्त कर दिए गए।
मैदान में बचे 14 प्रत्याशी
नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद गाजियाबाद विधानसभा उपचुनाव में 14 प्रत्याशी बचे हैं। इनमें भाजपा से संजीव शर्मा, सपा से सिंह राज, बसपा से पीएन गर्ग, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से सत्यपाल चौधरी, एआईएमआईएम से रवि गौतम, हिंदुस्थान निर्माण दल से पूनम चौधरी, राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी (सत्य) से धर्मेंद्र सिंह, सम्राट मिहिर भोज समाज पार्टी से पवन, राष्ट्रीय बहुजन कांग्रेस पार्टी से गयादीन अहिरवाल, सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी से रवि कुमार पांचाल शामिल हैं। इसके अलावा निर्दलीय उम्मीदवारों में विनय कुमार शर्मा, मिथुन जायसवाल, रूपेश चंद्र, और शमशेर राणा भी मैदान में हैं।
प्रशासन ने ली राहत की सांस
जिले के चुनाव प्रशासन को एक बैलेट यूनिट पर अधिकतम 16 प्रत्याशियों के लिए मतदान कराने की व्यवस्था करनी होती है। यदि उम्मीदवारों की संख्या 16 से अधिक हो जाती तो डबल बैलेट यूनिट लगाने की जरूरत पड़ती, जिससे प्रशासन का कार्यभार बढ़ सकता था। लेकिन नामांकन पत्र खारिज होने के बाद प्रत्याशियों की संख्या घटकर 14 रह जाने से डबल बैलेट यूनिट की आवश्यकता नहीं रही, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
ये भी पढें..
Noida: सुंदर भाटी के भतीजे अनिल भाटी की जेल से रिहाई के बाद नोएडा में बढ़ी हलचल
भाजपा प्रत्याशी के समर्थन का ऐलान
सोमवार को नामांकन खारिज होने से पहले निर्दलीय प्रत्याशियों वीके अग्रवाल और सत्यम शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा के समर्थन का ऐलान किया। उन्होंने नवयुग मार्केट स्थित संजीव शर्मा के चुनाव कार्यालय पहुंचकर समर्थन जताया। इस अवसर पर आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद अतुल गर्ग, पूर्व महापौर आशु वर्मा, पूर्व राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल और भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा भी उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं का मानना है कि इन निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थन से संजीव शर्मा की चुनावी स्थिति और मजबूत होगी।

