Greater Noida News: सर्दी की शुरुआत के साथ ही प्रदूषण में बढ़ोतरी शुरू हो गई है और दिल्ली का AQI कई दिनों से रेड जोन में बना हुआ है। अब पड़ोसी शहर नोएडा में भी वायु प्रदूषण का स्तर इस सीजन में पहली बार 300 के पार पहुंच गया है, जिससे यह रेड जोन में पहुंच गया है। रविवार को दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 312 दर्ज किया गया, जबकि नोएडा का AQI 304 रहा। इस लिहाज से ग्रेटर नोएडा देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा, जबकि नोएडा पांचवें नंबर पर रहा।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट का AQI 330 से अधिक किया गया दर्ज
नोएडा का AQI भी उच्च स्तर पर पहुंच गया है, जबकि ग्रेटर नोएडा का AQI पहले येलो और ऑरेंज जोन में था। शनिवार को ग्रेटर नोएडा का AQI 232 था, लेकिन रविवार को स्थिति और खराब हो गई, ग्रेटर नोएडा वेस्ट का AQI 330 से अधिक दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) के अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो दिनों में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है, जिसका मुख्य कारण स्थिर हवा, सड़क पर धूल और बढ़ते ट्रैफिक जाम हैं। त्योहारी सीजन में वाहनों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।
अक्टूबर में प्रदूषण का स्तर फिर से लाल और पीले जोन में
ग्रेटर नोएडा का AQI इस साल जून में लाल क्षेत्र में पहुंच गया था, लेकिन जुलाई, अगस्त और सितंबर में बारिश के कारण स्थिति में सुधार हुआ। अक्टूबर में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर से लाल और पीले क्षेत्रों में पहुंच गया है। इस बीच, प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए UPPCB लगातार कार्रवाई कर रहा है। हाल ही में, UPPCB ने दनकौर के नवादा गांव के पास एक हॉट मिक्स प्लांट को सील कर दिया, जो बिना अनुमति के चल रहा था और प्रदूषण नियमों का पालन नहीं कर रहा था।

