Noida News: नोएडा में निर्माणाधीन बिल्डिंग साइट के बेसमेंट में एक लापता युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि युवक करीब दो दिन से लापता था। इसके बाद मृतक के परिजनों ने मौके पर हंगामा किया और हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया। सेक्टर-113 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से पहले परिजनों को शांत किया।
क्या है पूरा मामला
रिपोर्ट के मुताबिक, सेक्टर-73 स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग साइट एंथोरियम के बेसमेंट में रविवार सुबह एक युवक का शव मिला। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए कहा कि युवक पिछले दो दिन से लापता था और आरोप लगाया कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को बेसमेंट में छिपा दिया है। परिजनों ने काफी हंगामा किया, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत किया और जांच शुरू की। पुलिस की फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के सिमरिया थाने के पोनिया गांव निवासी हरेलाल के बेटे कम्मू के रूप में की है।
यह भी पढ़ें: Noida News: वायु प्रदूषण से निपटने के लिए प्रशासन का बड़ा फैसला, तत्काल प्रभाव से GRAP लागू
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच सामने आएगा
पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच से पता चलता है कि युवक की मौत शराब के नशे में बिल्डिंग से गिरने से हुई है। हालांकि, मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

