Ghaziabad News: गाजियाबाद की बातें अनोखी हैं। यहां कब, कैसे और कौन ठगी का शिकार हो जाए, यह कहना मुश्किल है। हाल ही में कौशांबी थाने ने पांच महिलाओं के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया, जो डेटिंग ऐप पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करती थीं। जब कोई व्यक्ति उनकी मीठी-मीठी बातों में आ जाता और मिलने के लिए राजी हो जाता, तो ये महिलाएं उसे मिलने के बहाने टाइगर कैफे ले जातीं। खाने-पीने का ऑर्डर देने के बाद वे भारी भरकम बिल थमा देतीं और अगर व्यक्ति पैसे देने से मना करता, तो उसके साथ मारपीट की जाती।
दिल्ली का युवक शिकार बना
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि 22 अक्टूबर को दिल्ली के दयालपुर निवासी सुभाष गुप्ता के बेटे विकास गुप्ता को गिरोह के एक सदस्य ने डेटिंग ऐप के जरिए कौशांबी मेट्रो स्टेशन के बाहर मिलने के लिए बुलाया। जब विकास वहां पहुंचा, तो उसने स्टेशन के बाहर एक आकर्षक महिला को उसका इंतजार करते पाया। उसने सुझाव दिया कि वे कैफे में बैठकर बात करें और विकास इसके लिए राजी हो गया। पहली मंजिल पर स्थित टाइगर कैफे में कोल्ड ड्रिंक और कुछ स्नैक्स ऑर्डर करने के बाद जो बिल दिखाया गया, वह काफी ज्यादा था। विकास ने विरोध किया तो कई युवकों ने उसे घेर लिया। दोस्त की मदद से विकास भागने में कामयाब रहा और कौशांबी थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
तीन पुरुष और पांच महिलाएं गिरफ्तार
जांच के बाद कौशांबी पुलिस ने टाइगर कैफे पर छापा मारा और तीन पुरुष और पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया। एसीपी इंदिरापुरम ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में साहिबाबाद के शहीद नगर निवासी खालिद उर्फ इमरान पुत्र मोहम्मद जाहिद, शास्त्री पार्क दिल्ली निवासी नदीम पुत्र मुंजतजिम और कल्याणपुरी दिल्ली निवासी सुमित पुत्र मुकेश शामिल हैं। इनके साथ पांच महिलाएं भी हैं।
यह भी पढ़ें: Noida: नोएडा में बड़ा हादसा टला, एलिवेटेड रोड पर कार का टायर फटने से वाहन पलटा, दो छात्र सुरक्षित
वास्तविक बिल से पांच से छह गुना ज्यादा चार्ज किया गया
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान खालिद, नदीम और सुमित ने बताया कि वे डेटिंग ऐप पर उनके साथ काम करने वाली लड़कियों के जरिए पुरुषों को कैफे में लाते थे। भोजन और पेय पदार्थ का ऑर्डर देने के बाद ये लोग वास्तविक कीमत से पांच से छह गुना अधिक कीमत वसूलते थे और यदि ग्राहक भुगतान करने से इनकार करते थे तो उन्हें बंधक बना लिया जाता था और उनके साथ मारपीट की जाती थी।

