PM Modi: जम्मू-कश्मीर में 25 सितंबर 2024 को होने वाले दूसरे चरण के मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कटरा में आयोजित एक विशाल रैली में जनता को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत प्रधानमंत्री ने जयकारा शेरोवाली के जयकारे से की, जो इस क्षेत्र की आस्था का प्रतीक है। रैली के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए उन्हें कांग्रेस का “वायरल” बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा, “कांग्रेस पार्टी के वायरस ने विदेश में जाकर जो कहा है, वह आप सबने सुना होगा। राहुल गांधी ने हिंदू धर्म और हमारे देवी-देवताओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि हमारे देवी-देवता भगवान नहीं हैं। हिंदू धर्म में हर गांव-गांव में इष्ट देवताओं की परंपरा है, और यह कांग्रेस वाले कहते हैं कि देवता भगवान नहीं हैं। क्या यह हमारे देवी-देवताओं का अपमान नहीं है?”
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस तो कुछ वोटों के लिए हमारी आस्था और हमारी संस्कृति को दांव पर लगाने से भी पीछे नहीं हटती। राहुल गांधी के बयानों से साफ है कि कांग्रेस न केवल हमारे धार्मिक विश्वासों का अपमान करती है, बल्कि यह नक्सली और बाहरी विचारधारा को अपनाती है। यह उनकी एक सोची-समझी चाल है।”
रैली में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस, पीडीपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस पर भी जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा, “कांग्रेस, पीडीपी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उन खानदानों ने इस क्षेत्र को सालों-साल घाव दिए और अब समय आ गया है कि उनकी राजनीतिक विरासत का सूर्य अस्त कर दिया जाए। इसके लिए आपको कमल के निशान को चुनना होगा। बीजेपी ही वह पार्टी है जो आपके हितों को प्राथमिकता देती है और दशकों से चली आ रही भेदभाव को खत्म करती है।”
ये भी पढ़ें..
प्रधानमंत्री मोदी ने डोगरा विरासत पर हमला करने का आरोप भी कांग्रेस पर लगाया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेता ने डोगरा विरासत पर जानबूझकर हमला किया है। यह उनकी पुरानी नीति है कि वे मोहब्बत की दुकान के नाम पर नफरत का सामान बेचते हैं। कांग्रेस को केवल वोट बैंक की राजनीति ही दिखाई देती है। यह पार्टी भ्रष्टाचार की जननी है और भ्रष्टाचार को पोषण देती है।”

