Ghaziabad: गाजियाबाद के मसूरी थानाक्षेत्र में आज एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की जान चली गई। यह घटना तब हुई जब गंगनहर पटरी पर रेलवे पुल के पास दो भाई बाइक से गुजर रहे थे। रास्ते में उन्होंने एक बुजुर्ग को नहर की पटरी पर पड़ा देखा और उनकी मदद करने के लिए बाइक रोक ली।
नाहल गांव निवासी 22 वर्षीय कैफ ने बुजुर्ग को सहारा देकर उठाया, लेकिन जैसे ही वह पीछे हटा, वह ऊपर से गुजर रही बिजली की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। साथ में मौजूद कैफ का चचेरा भाई राशिद भी बाइक पर सवार था, लेकिन वह इस हादसे में बच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी। मृतक की पहचान नाहल निवासी जुल्फिकार के बेटे कैफ के रूप में हुई है। दोनों भाई मजदूरी के सिलसिले में घर से निकले थे और रास्ते में यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद नाहल गांव में शोक का माहौल है।
बुजुर्ग को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
बुजुर्ग को भी चोट लगी थी, लेकिन अभी यह साफ़ नहीं हो पाया है कि वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए थे या किसी अन्य कारण से घायल हुए थे। पुलिस ने बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती करा दिया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप
नाहल मदरसे के शिक्षक अनीस, जो मौके पर मौजूद थे, ने बताया कि 11 हजार वोल्ट की यह लाइन लंबे समय से ढीली लटक रही थी और उन्होंने पहले भी इस बारे में दो बार विद्युत विभाग से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। गांव के प्रधान तस्सबुर चौधरी ने भी बिजली विभाग को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया और कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी अनदेखी की गई, जिससे यह दुखद घटना घटित हुई।
ये भी पढ़ें..
गांव में शोक
इस हादसे ने पूरे नाहल गांव को शोक में डुबो दिया है। एक युवा की मौत और बिजली विभाग की लापरवाही से गांव के लोग गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हो।

