Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में एक महिला और उसकी बेटियों के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता निर्मला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि गांव के कुछ लोग उनके खेत में जबरन पानी बहाने की कोशिश कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन पर और उनके बच्चों पर जानलेवा हमला किया गया।
पीड़िता निर्मला, जो अपने परिवार के साथ जेवर थाना क्षेत्र में रहती हैं, ने बताया कि गांव की नाली का पानी उनके खेत के पास से बहता है। 15 सितंबर को भूप सिंह नामक व्यक्ति ने कथित तौर पर इस पानी का बहाव बदलकर निर्मला के खेत में डालने का प्रयास किया। जब निर्मला ने इसका विरोध किया, तो भूप सिंह ने अपने साथियों दयाराम, महताब और कालिया के साथ मिलकर निर्मला, उनकी बेटियों हिमानी और खुशबू, तथा बेटे आकाश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
इस हमले में निर्मला और उनके तीनों बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता ने बताया कि जब उन्होंने हमलावरों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने बिना किसी चेतावनी के मारपीट शुरू कर दी। इससे उनकी बेटियां और बेटा बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद पूरे परिवार को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ें..
Noida News: फ्लैट में खाना देने आया डिलीवरी बॉय, जूते चोरी कर हुआ फरार
पुलिस ने किया मामला दर्ज
थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर भूप सिंह और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

