दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट आज यानी बुधवार को सुनवाई करेगा। याचिका में केजरीवाल ने नई आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है और जमानत की भी मांग की है।न्यायमूर्ति सूर्यकांत और उज्ज्वल भुइयां की पीठ याचिका पर सुनवाई करेगी। इससे पहले सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल को उनकी याचिका पर जल्द सुनवाई का आश्वासन दिया था।
संजय सिंह और मनीष सिसोदिया को मिल चुकी है जमानत
इस मामले में संजय सिंह और मनीष सिसोदिया को पहले ही जमानत मिल चुकी है। केजरीवाल का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी ने तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया था। इससे पहले कोर्ट ने सीबीआई मामले में केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 अगस्त तक बढ़ा दी थी।
हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती
केजरीवाल ने दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। हाईकोर्ट ने सीबीआई द्वारा उनकी गिरफ्तारी को रद्द करने की उनकी याचिका को 5 अगस्त को खारिज कर दिया था और उन्हें निचली अदालत से जमानत लेने की सलाह दी थी।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट से मिल चुकी है अंतरिम जमानत
मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े ईडी मामले में अदालत पहले ही केजरीवाल को अंतरिम जमानत दे चुका है। अगर उन्हें सीबीआई मामले में जमानत मिलती है तो वे जेल से रिहा हो जाएंगे। केजरीवाल को 26 जून को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था, जबकि वे पहले से ही मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल में थे। उन्होंने दो याचिकाएं दायर की हैं: एक सीबीआई की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली और दूसरी जमानत की मांग करने वाली।

