Noida: नोएडा में स्थित नैनीताल बैंक के 16 करोड़ 95 लाख रुपये के साइबर अटैक मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। नोएडा पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के दादरी नगर अध्यक्ष हर्ष बंसल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है और अब उसके गाजियाबाद स्थित दफ्तर को भी सील कर दिया गया है। इस घटना के बाद ग्रेटर नोएडा में नेताओं के होश उड़ गए हैं, खासकर भाजपा के नेताओं में चिंता व्याप्त है।
पुलिस ने बताया कि हर्ष बंसल और उसके भाई शुभम बंसल ने मिलकर 30 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय ट्रांजेक्शन की थी। यह गिरोह कालेधन को सफेद करने के साथ-साथ बैंकों से धोखाधड़ी करने में भी शामिल था। हर्ष और शुभम बंसल ने कई र्जी कंपनियां बना रखी थीं और नैनीताल बैंक के आरटीजीएस (रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट) चैनल को हैक कर जून 2024 में 16 करोड़ 95 लाख रुपये की जालसाजी की थी।
बैंक ने जुलाई 2024 में इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और नोएडा साइबर क्राइम पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही थी। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि यह ठगी कालेधन को सफेद करने वाले एक बड़े गिरोह द्वारा की गई थी, जिसमें सीए और राजनीतिक नेताओं का गठजोड़ शामिल था। हर्ष बंसल, जो पहले भाजपा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था, को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण 2023 में निकाय चुनाव के दौरान निष्कासित कर दिया गया था, हालांकि निष्कासन पत्र अब तक जारी नहीं किया गया था।
पुलिस ने बताया कि हर्ष और शुभम बंसल ने अपनी फर्जी फर्म “शुभम एंड एसोसिएट” के नाम से गाजियाबाद की लोहा मंडी में कई ट्रांजेक्शन की हैं। इस फर्म के खातों से 30 करोड़ रुपये से अधिक की ट्रांजेक्शन की गई हैं, जिनकी जांच जारी है। पुलिस ने इस फर्म के कार्यालय को भी सील कर दिया है और यहां पर कालेधन को सफेद करने के लिए बनाई गई अन्य फर्जी कंपनियों की जानकारी भी मिल रही है।
ये भी पढ़ें..
पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि हर्ष बंसल और उसके भाई ने नैनीताल बैंक से ठगी कर 99 लाख रुपये निकाले थे। शेष रकम अन्य फर्जी खातों के माध्यम से निकाली गई थी। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें लगी हुई हैं और जल्द ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।

